द फॉलोअप डेस्क
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले से जुड़ी जांच में एक अहम प्रगति हुई है। भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी के भाई नेहाल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने 4 जुलाई को यह गिरफ्तारी की और इसकी सूचना भारतीय एजेंसियों को दे दी है। नेहाल मोदी की गिरफ्तारी भारत की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दिए गए संयुक्त प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर हुई। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, नेहाल पर मनी लॉन्ड्रिंग, आपराधिक साजिश और साक्ष्य नष्ट करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इन आरोपों के तहत भारत में भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और 201 के तहत मामला दर्ज है।

जांच में यह बात सामने आई है कि नेहाल मोदी ने नीरव मोदी द्वारा घोटाले से अर्जित काले धन को वैध बनाने के लिए कई शेल कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय लेन-देन का सहारा लिया। उसका नाम करोड़ों रुपये की हेराफेरी में एक प्रमुख सहयोगी के रूप में सामने आया है।
इस केस में अगली सुनवाई 17 जुलाई को अमेरिका की अदालत में होगी, जहां स्टेटस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेहाल मोदी की जमानत याचिका पर भी सुनवाई संभव है। हालांकि अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह जमानत का विरोध करेगा। इस बीच उसे भारत भी लाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि नीरव मोदी पहले से ही लंदन की जेल में बंद है और उसके खिलाफ भारत सरकार की प्रत्यर्पण प्रक्रिया जारी है। नेहाल की गिरफ्तारी को भारतीय एजेंसियों की वर्षों की कोशिशों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
